Emerald News:- भारत की खेल उपकरण निर्माण (Sports Goods Manufacturing) इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने ‘खेलो इंडिया स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम’ को मंजूरी दे दी है। इस योजना का उद्देश्य देश में खेल उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देना और भारतीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि भारत का स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग उद्योग नए कीर्तिमान स्थापित करे। उन्होंने जोर दिया कि जब कोई भारतीय या विदेशी खिलाड़ी मैदान पर उतरे, तो उसके खेल उपकरणों से लेकर कपड़े और जूते तक ‘मेड इन इंडिया’ होने चाहिए।
प्रधानमंत्री का यह विजन भारत को खेल उपकरणों के निर्माण का एक प्रमुख वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे घरेलू विनिर्माण, नवाचार, रोजगार और निर्यात को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। सरकार की यह पहल आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान को खेल क्षेत्र में नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


