Emerald News:- नई दिल्ली। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने शरद पूर्णिमा के शुभ अवसर पर अदाणी विद्या मंदिर के 14 प्रतिभाशाली पूर्व विद्यार्थियों से मुलाकात की। इन विद्यार्थियों ने शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनकी सफलता की कहानियां इस बात का उदाहरण हैं कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर प्रतिभा किस तरह नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती है।
गौतम अडानी ने सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा करते हुए बताया कि इन 14 युवाओं की जीवन यात्रा अलग-अलग रही है, लेकिन इन सभी की शुरुआत अदाणी विद्या मंदिर से हुई। इन पूर्व विद्यार्थियों में डॉक्टर, वकील, आईआईटी इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए), वैज्ञानिक, पुलिस अधिकारी और मर्चेंट नेवी के अधिकारी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन सभी प्रेरणादायक पूर्व विद्यार्थियों से मिलना इस बात की याद दिलाता है कि शिक्षा किस तरह बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। जब प्रतिभा को सही अवसर मिलता है और शिक्षक बच्चों के सपनों पर विश्वास करते हैं, तो वे अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
गौतम अडानी ने सभी पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए उन्हें भविष्य में भी आगे बढ़ते रहने और नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
शिक्षा और अवसर से बदलती है जिंदगी
अदाणी विद्या मंदिर के इन पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां इस बात को रेखांकित करती हैं कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और शिक्षकों का विश्वास बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।


