दिल्ली के गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध, 48 गांवों को शहरी दर्जा देने का किया उल्लेख
Emerald News:- नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज पालम 360 खाप द्वारा आयोजित पावन जीवन जग (धर्म यज्ञ-घोगा) एवं पगड़ी सम्मान समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और भारतीय परंपराओं के संरक्षण में पालम 360 खाप की भूमिका को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पालम 360 खाप ने पीढ़ियों से समाज को जोड़ने, आपसी सद्भाव बनाए रखने और हमारी गौरवशाली परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज में संस्कारों और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाल ही में 48 गांवों को शहरी दर्जा दिए जाने का जिक्र करते हुए इसे विकास की गति तेज करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
समारोह में सांसद योगेंद्र चांदोलिया, विधायक राज करण खत्री, पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी, दीपक भारद्वाज और दिनेश भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सामाजिक एकता, पारंपरिक मूल्यों और दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े विषय प्रमुख रूप से सामने आए।


