Emerald News:- नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने अपनी प्रिय राधा के प्रति प्यार, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया है। इस संदेश में उन्होंने अपनी पत्नी के त्याग, समर्पण और परिवार के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें अपने परिवार का अनमोल हीरा बताया।
राजपाल यादव ने अपने संदेश में कहा कि माता-पिता, गुरु, अपने भीतर के मनोरंजन कुमार (MRK) और परमपिता परमेश्वर के बाद, उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा कर्ज उनकी प्रिय राधा का है। उन्होंने इस कर्ज को खुशी-खुशी जीवनभर स्वीकार करने की बात कही और गर्व जताया कि राधा उनकी जिंदगी का हिस्सा बनीं।
अभिनेता ने राधा के साथ अपने जीवन के संघर्षों को याद करते हुए लिखा कि जिंदगी की आपाधापी और मुश्किल परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी उनका साथ नहीं छोड़ा। हर कठिन दौर में बिना अपना आपा खोए उनके साथ खड़ी रहीं।
राजपाल यादव ने अपने परिवार के बच्चों की शिक्षा और उनके जीवन में संस्कारों के योगदान के लिए भी राधा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाने-लिखाने और उन्हें जीवन की सीख देने का सपना उनका था, लेकिन उस सपने को पूरा करने में राधा ने अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने यह भी भावुकता से लिखा कि राधा ने कभी अपने लिए कुछ नहीं मांगा, बल्कि अपना सब कुछ उनके और उनके परिवार की खुशियों के लिए समर्पित कर दिया।
अपने संदेश के अंत में राजपाल यादव ने राधा के प्रति जीवनभर आभारी रहने की बात कहते हुए लिखा— “YOU ARE A DIAMOND IN OUR FAMILY!”
राजपाल यादव का यह संदेश रिश्तों में प्यार, विश्वास, त्याग और जीवनसाथी के प्रति सम्मान की अहमियत को दर्शाता है। उनका यह भावुक संदेश बताता है कि जीवन के संघर्षों में साथ निभाने वाले व्यक्ति का योगदान कितना अनमोल होता है।


