Emerald News:- नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ के बाजार में आने के बाद उनके प्रधानमंत्री पद ठुकराने के ऐतिहासिक फैसले को लेकर राजनीतिक चर्चा फिर तेज हो गई है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस अवसर पर सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और त्याग को याद करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति में एक विरल उदाहरण बताया।
अशोक गहलोत ने कहा कि वह उस ऐतिहासिक क्षण के स्वयं साक्षी रहे हैं, जब संसद के सेंट्रल हॉल में यूपीए के सभी सांसद और गठबंधन के नेता सोनिया गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे। इसके बावजूद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया और सत्ता के सर्वोच्च पद से ऊपर उठकर पार्टी एवं देश के व्यापक हित को प्राथमिकता दी।
गहलोत के अनुसार, सोनिया गांधी का यह निर्णय उनके राजनीतिक व्यक्तित्व की दृढ़ता, त्याग और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उस समय उनकी प्राथमिकता वैचारिक विरोधियों की राजनीति का मजबूती से मुकाबला करना थी।
उन्होंने गांधी परिवार के राजनीतिक संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि तमाम विपरीत परिस्थितियों, व्यक्तिगत हमलों और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद इस परिवार ने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और देश की एकता के लिए संघर्ष जारी रखा है।
अशोक गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन इस बात का उदाहरण है कि राजनीति केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि विचारधारा और सिद्धांतों के लिए त्याग करने का नाम भी है।
उन्होंने सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले को भारतीय राजनीति के एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक प्रसंग के रूप में याद किया।


