

Emerald News:-नई दिल्ली। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं, विद्यार्थियों, नौजवानों, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय स्थान जंतर-मंतर तक जाने से रोका जा रहा है।
कन्हैया कुमार ने अपने संदेश में कहा कि सवाल सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कथित बर्बरता और धक्का-मुक्की का नहीं, बल्कि “चोरी” का है। उन्होंने वोट चोरी, नोट चोरी, चंदा चोरी, धंधा चोरी, पेट्रोल चोरी, पेपर चोरी और देश का फ्यूचर चोरी जैसे आरोपों के जरिए सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “जंतर-मंतर मोदी, शाह और ज्ञानेश की पर्सनल प्रॉपर्टी तो नहीं है।” कन्हैया कुमार ने आरोप लगाया कि गांधी जयंती से लगातार लोग जंतर-मंतर जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें रोक रही है।
कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पहले राहुल गांधी और सांसदों को चुनाव आयोग जाने से रोका गया और अब जंतर-मंतर जाने से रोका जा रहा है।
कन्हैया कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार संवैधानिक हक है और “देश किसी की जागीर नहीं है।” उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रतिकार का आह्वान करते हुए कहा कि अब यह लड़ाई केवल किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश और “चोरी वाली सिस्टम” के बीच की लड़ाई है।
अपने संदेश के अंत में कन्हैया कुमार ने देशवासियों से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा—“अब बात एक दल की नहीं देश की है” और अंग्रेजी में लिखा, “No, you will not do anymore ‘Chori’. It’s done, Bro.”


