Emerald News:-नई दिल्ली: दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को न्यू पुलिस लाइंस, किंग्सवे कैंप ले जाया गया।
विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। इसके बाद आकाशवाणी भवन परिसर में कई घंटे तक धरना दिया गया। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए तथा चुनाव आयोग से मुलाकात की मांग की।
कांग्रेस ने राहुल गांधी की हिरासत को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग और रास्ते बंद किए जा रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि नागरिकों के अधिकारों और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस ने अपने बयान में कहा कि संविधान, लोकतंत्र और आजादी की रक्षा की लड़ाई उसी हिम्मत के साथ जारी रहेगी। पार्टी ने स्पष्ट शब्दों में कहा— “न रुकेंगे, न झुकेंगे। यह लड़ाई आखिरी दम तक जारी रहेगी।”
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान करीब 250 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है, जिनमें लगभग 50 सांसद शामिल बताए गए हैं।
वहीं, चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि विपक्षी दलों की ओर से बैठक के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत औपचारिक अनुरोध नहीं मिला था और आयोग ने ज्ञापन लेने के लिए अधिकारियों को भेजने का प्रस्ताव दिया था।


