Emerald News:- गुरुग्राम: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा की पदयात्रा का चतुर्थ दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक मुकेश शर्मा ने प्रातः विधायक आवास, गुरुग्राम से अपने परिवारजनों और टीम के सदस्यों के साथ पदयात्रा की और श्री शीतला माता मंदिर पहुंचकर माता रानी के चरणों में शीश नवाया।
इस दौरान उन्होंने समस्त गुरुग्रामवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवरात्रि के पावन दिनों में आयोजित यह पदयात्रा धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति समर्पण का प्रतीक बनी हुई है।
विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रेरणा से निकाली जा रही इस पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति उनकी आस्था को और मजबूत करना है। उन्होंने इस पहल को समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने और युवाओं को स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवनशैली के लिए प्रेरित करने का एक विनम्र प्रयास बताया।


