Emerald News :- जैसलमेर (राजस्थान): केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने राजस्थान के जैसलमेर में रक्षा मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य विषय भारतीय रक्षा बलों का आधुनिकीकरण (Modernisation of Indian Defence Forces) रहा।
बैठक के दौरान देश के सामने उभरती सुरक्षा चुनौतियों, युद्ध के बदलते स्वरूप, आधुनिक तकनीकी विकास और भविष्य की सैन्य आवश्यकताओं पर व्यापक चर्चा की गई। इस दौरान एक ऐसी सेना के निर्माण पर जोर दिया गया, जो आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होने के साथ-साथ हर परिस्थिति में प्रभावी और त्वरित कार्रवाई करने में सक्षम हो।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए बजटीय सहायता और पूंजीगत खरीद पर लगातार ध्यान दे रही है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सैन्य क्षमताओं को मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधनों के साथ-साथ उनका प्रभावी उपयोग और तीनों सेनाओं की महत्वपूर्ण जरूरतों को प्राथमिकता देना बेहद आवश्यक है।
बैठक में भारतीय रक्षा बलों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप अधिक सक्षम, आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।


