Emerald News:- नई दिल्ली/पटना: बिहार में 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने स्नातक साथियों, युवाओं और शिक्षकों से मतदान में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव ग्रेजुएट युवाओं के सम्मान, हक-अधिकार, रोजगार और बेहतर भविष्य से जुड़ा है।
तेजस्वी यादव ने अपने संदेश में मतदाताओं से प्रथम वरीयता के मताधिकार का सोच-समझकर इस्तेमाल करने और बदलाव के लिए मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी युवाओं और स्नातक साथियों की मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है।
10 लाख नौकरियों के वादे का किया जिक्र
तेजस्वी यादव ने अपने संदेश में रोजगार के मुद्दे पर पार्टी के वादे का उल्लेख करते हुए कहा कि स्नातक युवाओं की मांग पर घोषणा-पत्र में 10 लाख नौकरियां देने का संकल्प लिया गया था। उन्होंने दावा किया कि 17 महीने के कार्यकाल में पांच लाख से अधिक नियुक्तियां की गईं। उन्होंने मतदाताओं से बदलते समय के साथ नए चेहरों को मौका देने की अपील भी की। अपने संदेश के अंत में तेजस्वी यादव ने ‘जय हिन्द, जय बिहार’ का नारा दिया।


