Emerald News:-नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई और व्यवहार को लेकर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने कड़ी नाराजगी जताई है। प्रेस क्लब ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर हैरानी और चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र में इस तरह के व्यवहार को सामान्य नहीं माना जा सकता।
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने अपने बयान में कहा कि शुक्रवार और शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों को जिस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा, वह बेहद चिंताजनक है। संगठन ने कहा कि पत्रकारों को बिना किसी डर के स्वतंत्र रूप से अपना काम करने और विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए।
प्रेस क्लब ने कहा कि देश की राजधानी के केंद्र में भी यदि पत्रकारों को अपना काम करने से रोका जाता है, तो यह भारत में मीडिया की स्वतंत्रता की दिशा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
महिला पत्रकार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की मांग
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने दिल्ली पुलिस से एक महिला पत्रकार द्वारा की गई शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पुलिस से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पत्रकारों को अपना काम करने के लिए पर्याप्त जगह और सुरक्षा मिले तथा उन्हें किसी भी तरह की आक्रामकता या धमकी का सामना न करना पड़े।
प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों को लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों को कवर करने से रोकना या उनके साथ आक्रामक व्यवहार करना स्वीकार्य नहीं है। संगठन ने दिल्ली पुलिस से मीडिया कर्मियों के अधिकारों और स्वतंत्र पत्रकारिता का सम्मान सुनिश्चित करने की अपील की है.


