Emerald News:-नई दिल्ली। मशहूर लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर ने अपनी पत्नी नीलम मुंतशिर के जन्मदिन पर सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बेहद खास और भावुक अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मनोज मुंतशिर ने अपने संदेश में अपनी और नीलम की करीब 30 साल पुरानी दोस्ती से लेकर प्यार, शादी और फिर दोस्ती के रिश्ते तक के सफर को याद किया।
मनोज मुंतशिर ने लिखा कि दोस्ती का प्यार में बदलना और प्यार का शादी में बदल जाना अच्छी बात है, लेकिन शादी के बाद भी दोस्ती कायम रहना किसी अजूबे से कम नहीं है। उन्होंने खुद को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि उनके साथ यह अजूबा हुआ है।
अपने भावुक संदेश में उन्होंने लिखा, “30 साल पहले तुम मेरी दोस्त बनी, फिर मेरा प्यार, फिर पत्नी और आखिर में फिर से दोस्त।” उन्होंने आगे कहा कि जिंदगी जितनी भी बाकी है, वह इसी दोस्ती के सहारे गुजर जाएगी।
पत्नी के प्रति अपने प्यार और सम्मान का इजहार करते हुए मनोज मुंतशिर ने उन्हें जीवनभर बिना शर्त प्यार करने के लिए धन्यवाद दिया और ढेर सारा प्यार भेजा। उन्होंने नीलम को जन्मदिन की बधाई देते हुए “जुग-जुग जियो” की शुभकामना भी दी।
मनोज मुंतशिर का यह संदेश पति-पत्नी के रिश्ते में दोस्ती, प्यार और भरोसे की खूबसूरत मिसाल पेश करता है। सोशल मीडिया पर उनका यह भावुक अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।


