Emerald News:- जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून सबके लिए समान है और अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं तथा कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल पद से हटाने तथा उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस महानिदेशक सहित उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन जिम्मेदारी, अनुशासन और मर्यादा के साथ करना होगा।
मुख्यमंत्री के इस सख्त रुख से स्पष्ट है कि राजस्थान सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दे रही है।


