Emerald News:- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राष्ट्रपति महोदया से अपील की है कि सिक्किम के राज्यपाल पद पर दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने सरकार से यह भी आग्रह किया कि जांच पूरी होने तक दुष्यंत गौतम को पदभार ग्रहण न करने देने पर विचार किया जाए।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि 19 वर्षीय अंकिता भंडारी ने कथित तौर पर एक VIP के लिए अपनी गरिमा से समझौता करने से इनकार किया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि घटना के चार साल बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह VIP कौन था।
राहुल गांधी के अनुसार, अंकिता के परिवार सहित कई लोग दुष्यंत गौतम के इस मामले से जुड़े होने की आशंका जताते हैं। इसी संदर्भ में उनकी सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति पर राहुल गांधी ने हैरानी जताई और मामले की जांच पूरी होने तक नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की मांग की।
अपने बयान में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति की सलाह देकर प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा के प्रति अपनी गंभीरता पर सवाल खड़े किए हैं।
राहुल गांधी ने राष्ट्रपति से अपील करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता की न्याय की उम्मीद टूटने नहीं दी जानी चाहिए और मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए।


