Emerald News:- नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर जाने की जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि वह देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के साथ दीपावली मनाने और उनके अदम्य साहस, बलिदान तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करने जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में बस्तर में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव था, वहां आज विकास की नई बयार बह रही है। उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों की निस्वार्थ सेवा, त्याग और तपस्या की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस विशेष अवसर पर वीर सुरक्षा कर्मियों के बीच पहुंचकर उनके योगदान और देश के प्रति अटूट समर्पण को सम्मान देंगे।
उनका यह दौरा दीपावली के अवसर पर देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देता है।


