Emerald News:- नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में छठ महापर्व के अवसर पर आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यमुना नदी के हाथी घाट पर हजारों पूर्वांचली परिवारों और छठ व्रतियों के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मइया की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के पूर्वांचली परिवारों ने अपनी संस्कृति और परंपराओं से राजधानी को समृद्ध बनाया है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों की भावनाओं का सम्मान करने और महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने को अपनी जिम्मेदारी के साथ आत्मीयता का विषय बताया।
उन्होंने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली सभी छठ पूजा समितियों, श्रद्धालुओं और दिल्ली सरकार की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही संकल्प जताया कि आने वाले वर्षों में छठ महापर्व को और अधिक भव्य, सुंदर एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने छठी मइया से सभी परिवारों के सुख, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।


