नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बुधवार को फोन पर अहम बातचीत हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बातचीत को सार्थक बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
पीएम मोदी के मुताबिक, बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए लगातार करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
प्रधानमंत्री ने बताया कि बातचीत में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इसमें वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयासों पर भी चर्चा शामिल रही।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अमेरिका के दौरे पर हैं, जहां द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर चर्चा हो रही है.
Posted inPolitics
PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच अहम बातचीत, व्यापार-रक्षा समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

