Emerald News:- नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सामाजिक विभाजन और जातिवाद को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने भाजपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जिनकी राजनीति जातिगत विरोध और सामाजिक विभेद पर आधारित है, वे ही आज जातिवाद और राष्ट्रीय एकता की बात कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा, ‘जो होता भाजपाई, वो पैदा करता खाई।’ उन्होंने भाजपा पर सजातीय तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि जिनकी संपूर्ण राजनीति एक जाति के विरोध पर टिकी हो, वे जब भी बोलेंगे, झूठ बोलेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सामाजिक विभेद को बढ़ावा देने वाली राजनीति से राष्ट्रीय एकता को खतरा पैदा होता है। सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों को जातिगत दंभ से ऊपर उठकर सभी वर्गों के हित में काम करना चाहिए। अखिलेश यादव ने अपने बयान के जरिए भाजपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए सामाजिक सौहार्द, समानता और बहुरंगी एकता की बात कही। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में जातिवाद और सामाजिक एकता को लेकर नई बहस को हवा दे सकता है।


