लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सहयोगी दलों को एकजुटता का संदेश दिया है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मक़सद जब साफ़ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंज़िल पर हो तो सफ़र आसान होता है।” उन्होंने कहा कि गठबंधन में कितनी सीटें मिलती हैं या कौन-सी सीट किस दल के हिस्से में जाती है, यह सबसे बड़ी बात नहीं है। उनके मुताबिक सबसे महत्वपूर्ण यह है कि सभी मिलकर गठबंधन की जीत सुनिश्चित करें।
अखिलेश यादव ने अपनी बात दोहराते हुए कहा, “बात सीट की नहीं, जीत की है।” उन्होंने इस जीत को केवल गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों की जीत तक सीमित नहीं बताया, बल्कि इसे साझा प्रयास और संघर्ष की जीत बताया।
अपने संदेश में सपा प्रमुख ने कहा कि यह संयुक्त प्रयास सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष, लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा तथा देश में सौहार्द, तरक्की और खुशहाली को मजबूत करने के उद्देश्य से है। उन्होंने पोस्ट के अंत में “जय संविधान-जय हिंदुस्तान!” लिखा।
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं जारी हैं। उनके बयान को गठबंधन के भीतर सीटों की हिस्सेदारी से अधिक साझा चुनावी लक्ष्य पर जोर देने वाले संदेश के रूप में देखा जा रहा है.


