Emerald News:-नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक आंदोलन के दौरान एक बच्ची पर कथित तौर पर घूंसे से हमला किए जाने की घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोपी की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी करने और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि आंदोलनकारी बच्ची पर निर्ममता से प्रहार करने वाले व्यक्ति की AI तकनीक की मदद से पहचान की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने मांग की कि इस मामले में ऐसी सख्त कार्रवाई हो, जिससे भविष्य में किसी भी बच्ची के साथ इस तरह की हिंसा न हो सके।
उन्होंने मौके पर मौजूद उन पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए, जो उनके अनुसार निष्क्रिय दिखाई दे रहे थे। अखिलेश यादव ने उनकी पहचान कर निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने तथा लापरवाही या अन्य दोष साबित होने पर अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की। अपने बयान में उन्होंने कहा कि एक सभ्य और लोकतांत्रिक समाज में हिंसा तथा संकीर्ण मानसिकता के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने पर जोर दिया।




