Emerald News:-नई दिल्ली। हर पर्वत यात्रा की शुरुआत पहाड़ की पहली चढ़ाई से काफी पहले हो जाती है। कुछ इसी जज्बे के साथ IAS अधिकारी सोनल गोयल ने तंजानिया के माउंट किलिमंजारो की चढ़ाई के लिए अपनी नई साहसिक यात्रा शुरू की है।
नई दिल्ली से तंजानिया तक का सफर तय करने के बाद सोनल गोयल किलिमंजारो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचीं और वहां से आगे मोशी के लिए रवाना हुईं। मोशी पहुंचने के बाद यात्रा के शुरुआती चरण में टीम के सदस्यों से परिचय, जरूरी ब्रीफिंग, गियर की जांच और आगामी चढ़ाई की तैयारियां की गईं।
सोनल गोयल ने अपनी इस यात्रा को एक नई चुनौती और खुद की सीमाओं को परखने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी नई यात्रा को लेकर उत्साह के साथ कुछ स्वाभाविक आशंकाएं भी होती हैं, लेकिन यही चुनौतियां इंसान को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता को पहचानने का अवसर देती हैं।
उन्होंने कहा कि यह एक नई यात्रा है, नई चुनौती है और खुद को और आगे बढ़ाने का नया अवसर है। अब असली चढ़ाई शुरू होने वाली है।
सोनल गोयल ने अपनी पोस्ट के अंत में आध्यात्मिक भाव के साथ “हर हर महादेव” का उद्घोष किया। उनकी यह यात्रा साहस, आत्मविश्वास और चुनौती को स्वीकार करने की भावना का संदेश देती है।


