Emerald News:-फरीदाबाद। समाजसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाकर पिछले करीब 30 वर्षों से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सेवा में जुटे समाजसेवी मोहिंदर खुराना ने इस बार अपना जन्मदिन जरूरतमंद और विशेष बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क एवं लॉन में विशेष समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के अलावा आर्य कन्या सदन की लड़कियों तथा बौद्धिक रूप से अक्षम बच्चों को भी आमंत्रित किया गया। बच्चों के लिए मनोरंजन और खुशी के विशेष इंतजाम किए गए थे। मैजिक शो, विभिन्न गेम्स, स्वादिष्ट भोजन और उपहार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे।
मैजिक शो और मनोरंजक गतिविधियों के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और जमकर मस्ती की। बच्चों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावुक और आनंदमय बना दिया।
समारोह में डॉ. सुरेश अरोड़ा, विशेष खुराना, दिनेश रघुवंशी, मनोहर पुन्यानी, अनीता जैन, तुलसी दास मेहंदीरत्ता, किरण गिरधर, विपिन, सुरेंद्र जैन, जे. के. भाटिया, सुरेंद्र डुडेजा, नंद प्रकाश, रणबीर शर्मा, श्याम बीर शर्मा, हरप्रीत कौर तथा रेणु राजन भाटिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के जनरल सेक्रेटरी रवींद्र डुडेजा ने थैलेसीमिया बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को जीवनभर नियमित रूप से रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है। ऐसे बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने में समाज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने और थैलेसीमिया के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। रवींद्र डुडेजा ने कहा कि जन्मदिन और अन्य खुशी के अवसर यदि जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाए जाएं तो उस खुशी का महत्व कई गुना बढ़ जाता है।
मोहिंदर खुराना द्वारा पिछले तीन दशकों से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सेवा के प्रति समर्पण को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहा। समारोह के अंत में सभी बच्चों को उपहार देकर विदा किया गया।
बच्चों की खिलखिलाहट और उनके चेहरों पर दिखाई दी खुशी ने एक खूबसूरत संदेश दिया कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जन्मदिन मनाने का सबसे सुंदर तरीका है।


