शिमला/देहरादून: लंबे वीकेंड के चलते हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शिमला, मनाली, कुल्लू, नैनीताल और कैंची धाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर सड़कों पर भी साफ दिखाई दे रहा है, जहां कई जगहों पर लंबा जाम लगने से लोगों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है।
मनाली में सोलंग घाटी जाने वाले मार्ग से लेकर हिडिंबा देवी मंदिर की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक रोहतांग और आसपास के बर्फीले इलाकों का रुख कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव और बढ़ गया है।
वहीं उत्तराखंड में भी नैनीताल और कैंची धाम में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि कई स्थानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। होटल और अन्य ठहरने की सुविधाओं पर भी दबाव बढ़ गया है और कई पर्यटकों को कमरों के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
वीकेंड की छुट्टियों में पहाड़ों का रुख करने वाले पर्यटकों की भारी संख्या ने जहां पर्यटन कारोबार को रफ्तार दी है, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग को लेकर स्थानीय प्रशासन के सामने भी चुनौती बढ़ गई है.


