Emerald News:- नई दिल्ली: आस्था, संस्कृति और भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर माँ यमुना की स्वच्छता एवं पुनरुद्धार के संकल्प के साथ भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘चलो यमुना (स्वच्छ यमुना प्रहरी)’ अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने यमुना के राम घाट-1 पर आयोजित विशेष स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेते हुए श्रमदान किया और यमुना के घाटों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि माँ यमुना की सेवा केवल स्वच्छता का प्रयास नहीं, बल्कि हमारी आस्था को कर्तव्य में बदलने का एक विनम्र माध्यम है। उन्होंने यमुना के पावन स्वरूप को संरक्षित करने और घाटों की स्वच्छता में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने यमुना के पुनरुद्धार को प्राथमिकता देते हुए नदी की स्वच्छता और घाटों की स्थिति में सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसका उद्देश्य माँ यमुना को फिर से निर्मल, पावन और गौरवशाली स्वरूप प्रदान करना है, जो भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का अभिन्न अंग रही हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान करोल बाग जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर भी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से यमुना की स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का संदेश दिया गया। बांसुरी स्वराज ने माँ यमुना की अविरल धारा को निर्मल बनाए रखने तथा उनकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुँचाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने स्वच्छ यमुना के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने पर बल दिया।


